आगरा। जनपद के प्रतिभाशाली और समाजसेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के विवेकानन्द यूथ अवार्ड के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 22 जुलाई 2026 तक जिला युवा कल्याण अधिकारी कार्यालय, आगरा में अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी ने बताया कि महानिदेशक, प्रान्तीय रक्षक दल, विकास दल एवं युवा कल्याण, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में यह प्रक्रिया शुरू की गई है। शासनादेश 1 सितंबर 2022 के अनुसार 15 से 35 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे युवक-युवतियां आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने 1 अप्रैल 2022 से 31 मार्च 2025 के बीच विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय एवं उत्कृष्ट कार्य किए हों।
अवार्ड के लिए खेलकूद, सामाजिक वृक्षारोपण, परिवार कल्याण, अल्प बचत, रक्तदान, नशामुक्ति, जल संरक्षण, पुस्तकालय एवं वाचनालय की स्थापना एवं संचालन, जैविक खेती, सौर ऊर्जा, स्वच्छता अभियान, राष्ट्रीय एकीकरण, साक्षरता, आपदा प्रबंधन, मतदाता जागरूकता, स्वास्थ्य, अनुसंधान, कला, संस्कृति एवं साहित्य, मानवाधिकार संरक्षण, पारंपरिक चिकित्सा, सक्रिय नागरिकता, सामुदायिक सेवा, खेल तथा शैक्षिक उत्कृष्टता एवं स्मार्ट लर्निंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले युवा पात्र होंगे। चयनित अभ्यर्थियों को ₹50,000 की नकद धनराशि, स्वामी विवेकानन्द की प्रतिमा तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी ने जनपद के सभी पात्र महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने उत्कृष्ट कार्यों से संबंधित सभी प्रमाण-पत्र एवं आवश्यक अभिलेखों के साथ 22 जुलाई 2026 तक निर्धारित समय में जिला युवा कल्याण अधिकारी कार्यालय, आगरा में आवेदन अनिवार्य रूप से जमा करें। आवेदन की अंतिम तिथि के बाद प्राप्त प्रार्थना-पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा।