Hindi News / आगरा

सावन के पहले सोमवार से पहले अलर्ट मोड पर प्रशासन, डीएम ने मंदिरों और यमुना घाटों पर कसी व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Article Top Ad

कैलाश, बल्केश्वर और राजेश्वर महादेव मंदिर का किया निरीक्षण, सुरक्षा, बैरिकेडिंग, मेडिकल कैंप, रैंप और सफाई व्यवस्था समय पर पूरी करने के निर्देश

कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन की व्यापक तैयारी, यमुना घाटों पर गोताखोर, पीएसी, सीसीटीवी और अतिरिक्त पुलिस बल रहेगा तैनात

आगरा। पवित्र सावन मास के प्रथम सोमवार और कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। लाखों शिवभक्तों की संभावित भीड़ को देखते हुए रविवार को जिलाधिकारी मनीष बंसल ने एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान के साथ शहर के प्रमुख शिवालयों और यमुना घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कैलाश महादेव मंदिर, बल्केश्वर महादेव मंदिर और राजेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। सबसे पहले जिलाधिकारी कैलाश महादेव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने मंदिर परिसर और यमुना घाट पर चल रही तैयारियों का निरीक्षण किया। मंदिर के महंतों से बातचीत कर प्रथम सोमवार और कांवड़ यात्रा के दौरान आने वाली भीड़ को लेकर तैयारियों की जानकारी ली। महंतों ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त संख्या में रैंप, बैरिकेडिंग, मेडिकल कैंप, पेयजल व्यवस्था, डस्टबिन, फव्वारा और सौंदर्यीकरण के कार्य समय रहते पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके बाद जिलाधिकारी बल्केश्वर महादेव मंदिर पहुंचे और मंदिर परिसर के साथ यमुना किनारे स्थित पार्वती घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मजबूत बैरिकेडिंग, रैंप और अन्य सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर निगम को मंदिर तक जाने वाले मार्गों के गड्ढे तत्काल भरने और साफ-सफाई दुरुस्त रखने को कहा।

इसके बाद जिलाधिकारी ने राजेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंदिर परिसर, दर्शन मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान ने सभी मंदिरों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, कांवड़ियों के प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग बैरिकेडिंग, प्रभावी यातायात व्यवस्था तथा रूट डायवर्जन की योजना को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के साथ सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए।

जिलाधिकारी ने यमुना के कैलाश घाट और बल्केश्वर स्थित पार्वती घाट पर विशेष सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घाटों पर पीएसी, जल पुलिस, निजी गोताखोर, सीसीटीवी कैमरे और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि स्नान के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। यातायात व्यवस्था को लेकर भी जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार का जाम न लगे। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस और सिविल पुलिस आपसी समन्वय से कार्य करें। जहां आवश्यकता हो वहां रूट डायवर्जन लागू किया जाए और मंदिरों तक जाने वाले मार्गों की मरम्मत तत्काल पूरी कराई जाए। उन्होंने नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, प्राथमिक उपचार, साफ-सफाई, शौचालय और अन्य जनसुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और प्रत्येक व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि सावन के पहले सोमवार और कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु आगरा पहुंचेंगे। ऐसे में उनकी सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर विक्रम राघव, एसीपी अमीषा वर्मा, एसीपी श्वेता वर्मा सहित नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं।

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google