Hindi News / अपराध / आगरा

ट्रॉली बैग में मिले शव के टुकड़े, सुराग की तलाश में चेन्नई जाएगी GRP-RPF टीम

Article Top Ad

आगरा।

आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर तमिलनाडु एक्सप्रेस के जनरल कोच से ट्रॉली बैग में मिले शव के टुकड़ों के मामले में रेलवे पुलिस ने जांच तेज कर दी है। बैग पर लगे स्टीकर को अहम सुराग मानते हुए जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम जांच के लिए चेन्नई रवाना होगी। टीम चेन्नई से आगरा तक ट्रेन के सफर के दौरान पड़ने वाले प्रमुख स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगालेगी और गुमशुदगी व हत्या के मामलों का भी मिलान करेगी। जीआरपी के क्षेत्राधिकारी राजेश दीक्षित ने बताया कि शव की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। नियमानुसार 72 घंटे तक शिनाख्त का इंतजार किया जाएगा, जिसके बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फोरेंसिक टीम की रिपोर्ट भी जांच का महत्वपूर्ण आधार बनेगी।

पुलिस का मानना है कि ट्रॉली बैग पर लगा स्टीकर आरोपी तक पहुंचने में मददगार साबित हो सकता है। इसी आधार पर चेन्नई में बैग की खरीद और उससे जुड़े संभावित सुरागों की जांच की जाएगी। साथ ही ट्रेन जिन-जिन स्टेशनों पर रुकी, वहां के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जाएंगे, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बैग किस स्टेशन पर कोच में रखा गया। गौरतलब है कि बुधवार सुबह चेन्नई से नई दिल्ली जा रही तमिलनाडु एक्सप्रेस के जनरल कोच में एक ट्रॉली बैग से खून रिसता देख एक यात्री ने रेलवे हेल्पलाइन पर सूचना दी थी।

ट्रेन के आगरा कैंट स्टेशन पहुंचने पर जीआरपी और आरपीएफ ने बैग को कब्जे में लेकर जांच की तो उसके भीतर मानव शव के टुकड़े मिले। घटना के बाद स्टेशन परिसर में सनसनी फैल गई। फिलहाल जीआरपी, आरपीएफ और फोरेंसिक टीम संयुक्त रूप से मामले की जांच में जुटी हैं। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google