दूसरे सोमवार पर उमड़ेगा आस्था का सैलाब, मंदिर से कांवड़ मार्ग तक किया स्थलीय निरीक्षण; बैरिकेडिंग, पार्किंग, सीसीटीवी और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश…
आगरा।
श्रावण के दूसरे सोमवार को बटेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को लेकर पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। शनिवार को अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल ने थाना बाह क्षेत्र स्थित बटेश्वर महादेव मंदिर, कांवड़ मार्ग और आसपास के प्रमुख स्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ सुगम दर्शन और व्यवस्थित जलाभिषेक को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपर पुलिस आयुक्त ने मंदिर परिसर में पहुंचकर भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने प्रवेश और निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, जलाभिषेक स्थल तथा कांवड़ियों के आवागमन वाले मार्ग को देखा। अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की भीड़ को एक स्थान पर एकत्र न होने दिया जाए और आवागमन के लिए निर्धारित रास्तों का प्रभावी तरीके से इस्तेमाल कराया जाए।
कांवड़ मार्ग से पार्किंग तक हर व्यवस्था पर नजर
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त ने पार्किंग व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की भी समीक्षा की। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के कारण कांवड़ मार्ग पर जाम की स्थिति न बने। संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती और यातायात को सुचारु रखने के लिए आवश्यक प्रबंध करने को कहा गया।
मंदिर परिसर और आसपास सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था को भी परखा गया। ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल अतिरिक्त व्यवस्था सक्रिय की जाए। किसी भी आपात स्थिति में पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
मंदिर समिति और पुजारियों से भी की बातचीत
अपर पुलिस आयुक्त ने मंदिर समिति के पदाधिकारियों और पुजारियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, जलाभिषेक की व्यवस्था और मंदिर परिसर में आने-जाने के रास्तों को लेकर जानकारी प्राप्त की। पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं को दर्शन और जलाभिषेक के दौरान अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
भीड़ बढ़ी तो तत्काल संभालें व्यवस्था
पुलिस की तैयारी का मुख्य फोकस भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कांवड़ यात्रा के दौरान लगातार स्थिति पर नजर रखी जाए। किसी मार्ग पर भीड़ या यातायात का दबाव बढ़ने पर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था लागू की जाए।
श्रावण के दूसरे सोमवार को बटेश्वर में बड़ी संख्या में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में पुलिस प्रशासन किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं चाहता। मंदिर और कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ श्रद्धालुओं के लिए सुगम आवागमन सुनिश्चित करने की कवायद की जा रही है।
निर्धारित मार्ग का ही प्रयोग करें श्रद्धालु
पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि कांवड़ यात्रा और जलाभिषेक के दौरान प्रशासन की ओर से निर्धारित मार्गों का ही प्रयोग करें। यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।
अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा और जलाभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। पुलिस की कोशिश है कि बटेश्वर में आस्था के सैलाब के बीच सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहे और श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के बाबा बटेश्वर के दर्शन और जलाभिषेक कर सकें।