Hindi News / आगरा / आस्था

श्रावण के दूसरे सोमवार पर आगरा में बदलेगा ट्रैफिक प्लान, 9 अगस्त शाम चार बजे से लागू होगा डायवर्जन

Article Top Ad

शिव मंदिरों की परिक्रमा और जलाभिषेक को लेकर यातायात पुलिस अलर्ट, शहर में भारी वाहनों की नो-एंट्री; कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित

आगरा।

श्रावण मास के द्वितीय सोमवार यानी 10 अगस्त 2026 को शहर के प्रमुख शिव मंदिरों में होने वाले जलाभिषेक, पूजा-अर्चना, परिक्रमा और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए कमिश्नरेट आगरा पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर में यातायात को सुगम बनाए रखने के लिए बाहरी और आंतरिक यातायात व्यवस्था में व्यापक डायवर्जन लागू किया गया है। यह व्यवस्था 9 अगस्त रविवार शाम चार बजे से शुरू होकर द्वितीय सोमवार के धार्मिक कार्यक्रम समाप्त होने तक लागू रहेगी।

यातायात पुलिस के मुताबिक सोमवार को शहर के प्रमुख शिव मंदिरों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए परिक्रमा मार्ग पर भारी और हल्के सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वह निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और डायवर्जन व्यवस्था के दौरान अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें।

राज राजेश्वर से शुरू होकर प्रमुख शिव मंदिरों से होकर गुजरेगी परिक्रमा

श्रावण के दूसरे सोमवार पर प्रस्तावित परिक्रमा का मार्ग श्री राज राजेश्वर महादेव मंदिर से शुरू होकर राजपुर चुंगी, फूल सैय्यद चौराहा, सुभाष चंद्र बोस मूर्ति चौराहा, बालूगंज, छीपीटोला, एसबीआई तिराहा, रावली महादेव मंदिर, कलक्ट्रेट, तहसील चौराहा, रूई की मंडी, भोगीपुरा, पृथ्वीनाथ फाटक और श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर होते हुए आगे बढ़ेगा।

इसके बाद परिक्रमा शंकरगढ़ की पुलिया, रामनगर की पुलिया, मारुति स्टेट, बोदला, ईंट की मंडी, कारगिल पेट्रोल पंप, सिकंदरा, फल एवं सब्जी मंडी अंडरपास, कैलाश मोड़ और श्री कैलाश महादेव मंदिर पहुंचेगी। यहां से मार्ग खंदारी, भगवान टॉकीज, सुल्तानगंज की पुलिया, मुगल रोड होते हुए श्री बल्केश्वर महादेव मंदिर तक जाएगा।

परिक्रमा आगे बल्केश्वर रोड, वाटरवर्क्स, जीवनी मंडी, बेलनगंज, छीपिटोला बाजार, श्री मनःकामेश्वर महादेव मंदिर, हाथीघाट, शमशान घाट चौराहा, विक्टोरिया पार्क, पुरानी मंडी, ताजव्यू तिराहा और मुगल पुलिया होते हुए गोबर चौकी के रास्ते श्री राज राजेश्वर महादेव मंदिर पर समाप्त होगी।

शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रहेगी पूरी रोक

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए आगरा शहर में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। रोहता नहर चौराहा, पथौली नहर चौराहा, एनएच-19 के रैपुरा जाट, रुनकता, कुबेरपुर कट, एत्माद्दौला, खंदौली, मुड़ी चौराहा, रामबाग, तोरा चौकी, एकता थाना, मलपुरा और अन्य प्रमुख प्रवेश मार्गों से भारी वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

इसके साथ ही टेढ़ी बगिया से जलेसर और हाथरस जाने वाले मार्ग तथा टेढ़ी बगिया से रामबाग के बीच भारी वाहनों का आवागमन भी प्रतिबंधित रहेगा। एनएच-19 पर रैपुरा जाट दक्षिणी बाईपास से कुबेरपुर कट के बीच भी भारी वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी।

दिल्ली, हाथरस, मथुरा और फिरोजाबाद से आने वाले वाहनों के लिए भी बदलाव

दिल्ली की ओर से आगरा आने वाले भारी वाहनों को जनपद मथुरा पुलिस द्वारा टाउनशिप चौराहा क्षेत्र से डायवर्ट कर गोकुल बैराज, उत्तरी बाईपास, यमुना एक्सप्रेस-वे और अन्य वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। वहीं हाथरस की ओर से आगरा आने वाले भारी वाहनों को सिकंदराराऊ अथवा मथुरा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

फिरोजाबाद से मथुरा जाने वाले भारी वाहन कुबेरपुर कट से यमुना एक्सप्रेस-वे का प्रयोग करेंगे, जबकि मथुरा से फिरोजाबाद की ओर जाने वाले भारी वाहनों को रैपुरा जाट दक्षिणी बाईपास, रोहता नहर, दिगनेर, इनर रिंग रोड और अन्य निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।

ग्वालियर, जयपुर, मथुरा, हाथरस, फिरोजाबाद और जलेसर की ओर जाने वाले भारी वाहनों के लिए भी अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक आयोजन के दौरान शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों से भारी वाहनों को किसी भी स्थिति में शहर के अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

शहर के अंदर भी कई मार्गों पर वाहनों का प्रवेश बंद

आंतरिक यातायात व्यवस्था के तहत वाटरवर्क्स चौराहे और कमलानगर की ओर से बल्केश्वर मंदिर मेला क्षेत्र में सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वाटरवर्क्स चौराहे पर छोटे वाहनों को रोक-रोककर निकाला जाएगा। वाटरवर्क्स से जीवनी मंडी और गधापाड़ा तिराहे से जीवनी मंडी की तरफ भी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

सुल्तानगंज की पुलिया से गधापाड़ा की तरफ भारी, मध्यम और चार पहिया वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा। पालीवाल पार्क की तरफ जाने वाले चार पहिया वाहनों को भगवान टॉकीज से एमजी रोड की ओर भेजा जाएगा। वहीं पालीवाल पार्क से जीवनी मंडी की ओर भी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

मनःकामेश्वर, बेलनगंज और यमुना किनारा क्षेत्र में भी रोक

एत्माद्दौला की तरफ से आने वाले किसी भी वाहन को अंबेडकर पुल से बेलनगंज की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। जीवनी मंडी चौराहे से यमुना किनारा और हाथीघाट की ओर भी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। दरेसी नंबर दो से मनःकामेश्वर मंदिर की ओर जाने वाले वाहनों पर रोक रहेगी, जबकि चिम्मनपूड़ी चौराहे से दरेसी नंबर दो की ओर भी वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा।

विक्टोरिया पार्क तिराहे से पुरानी मंडी की तरफ चार पहिया वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। पुरानी मंडी चौराहे पर दोपहिया और चार पहिया वाहनों को रोक-रोककर निकाला जाएगा, जबकि पुरानी मंडी से ताजव्यू तिराहे तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।

राजपुर चुंगी से लेकर सिकंदरा तक बदलेगा ट्रैफिक

शमशाबाद रोड के 100 फुटा मोड़ तिराहे से राजपुर चुंगी और फूल सैय्यद चौराहे तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। राजपुर चुंगी तिराहे से यातायात को अमर होटल तिराहे की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। फूल सैय्यद चौराहे से पीडब्ल्यूडी चौराहे की ओर जाने वाले वाहनों को होटल क्लार्क सिराज मार्ग से रोक-रोककर निकाला जाएगा।

सुभाष चंद्र बोस मूर्ति चौराहे, बालूगंज पुलिस चौकी चौराहे और बालूगंज बाजार चौराहे पर वाहनों को नियंत्रित करते हुए रोक-रोककर निकाला जाएगा। छीपीटोला चौराहे से स्टेट बैंक तिराहे की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। भगवान टॉकीज से पीडब्ल्यूडी चौराहे की तरफ आने वाले चार पहिया वाहनों को भी निर्धारित डायवर्जन से निकाला जाएगा।

रावली मंदिर, तहसील और पृथ्वीनाथ मंदिर मार्ग पर भी प्रतिबंध

पीडब्ल्यूडी और साईं की तकिया चौराहे से रावली मंदिर की ओर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। स्टेट बैंक तिराहे से रावली और कलक्ट्रेट तिराहे की ओर भी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। कलक्ट्रेट तिराहे से तहसील चौराहे और पंचकुइयां से तहसील चौराहे तक वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।

तहसील चौराहे से भोगीपुरा चौराहे के बीच भी वाहन नहीं चल सकेंगे। शाहगंज डबल फाटक, स्पीड कलर लैब चौराहा और सीओडी तिराहे से भोगीपुरा की तरफ जाने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।

भोगीपुरा चौराहे से पृथ्वीनाथ फाटक तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। पृथ्वीनाथ फाटक से शंकरगढ़ की पुलिया और भोगीपुरा की ओर जाने वाले वाहनों को वायु विहार, अमरपुरा और अन्य वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।

बोदला और सिकंदरा क्षेत्र में भी यातायात नियंत्रित

रामनगर की पुलिया से शंकरगढ़ की पुलिया तथा रामनगर से मारुति स्टेट चौराहे तक वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी। मारुति स्टेट चौराहे पर वाहनों को रोक-रोककर पास कराया जाएगा, जबकि मारुति स्टेट से बोदला मार्ग पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

बोदला चौराहे से सिकंदरा की तरफ जाने वाले मार्ग और कारगिल पेट्रोल पंप तिराहे से सिकंदरा तिराहे की ओर भी सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। सिकंदरा चौराहे पर यातायात को नियंत्रित करते हुए वाहनों को रोक-रोककर निकाला जाएगा।

कैलाश मोड़ से कैलाश मंदिर तक सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। खंदारी, भगवान टॉकीज और सुल्तानगंज की पुलिया चौराहों पर भी वाहनों को नियंत्रित करते हुए चरणबद्ध तरीके से निकाला जाएगा।

गुरु का ताल से सिकंदरा की ओर भी वाहनों पर रोक

गुरुद्वारा गुरु का ताल से सिकंदरा चौराहे की ओर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। आगरा से मथुरा की ओर जाने वाले हल्के वाहनों को गुरु का ताल आरओबी, भावना टावर, पानी की टंकी तिराहा, करकुंज चौराहा, कारगिल पेट्रोल पंप, पश्चिमपुरी चौराहा और शास्त्रीपुरम आरओबी होते हुए एनएच-19 की ओर भेजा जाएगा।

वहीं मथुरा से आगरा और फिरोजाबाद की ओर जाने वाले हल्के वाहनों के लिए फल मंडी सिकंदरा अंडरपास से यू-टर्न लेकर निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वह मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।

9 अगस्त रात 11 बजे से नहीं खुलेगी शहर की नो-एंट्री

श्रावण मास के द्वितीय सोमवार को देखते हुए 9 अगस्त रविवार रात 11 बजे से कमिश्नरेट आगरा के शहर क्षेत्र में सामान्य रूप से खुलने वाली नो-एंट्री नहीं खोली जाएगी। नो-एंट्री व्यवस्था रात में भी जारी रहेगी। इसके साथ ही 9 अगस्त शाम चार बजे से सोमवार को कार्यक्रम समाप्ति तक आवश्यक कार्यों के लिए पूर्व में जारी किए गए नो-एंट्री पास और अनुमति पत्र भी निरस्त माने जाएंगे।

एंबुलेंस और फायर सर्विस को मिलेगी निर्बाध निकासी

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि डायवर्जन व्यवस्था के दौरान आपातकालीन वाहनों जैसे एंबुलेंस और फायर सर्विस के वाहनों को सुरक्षित और सकुशल निकाला जाएगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी।

डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार की अपील—धैर्य रखें, डायवर्जन का पालन करें

पुलिस उपायुक्त यातायात आगरा सोनम कुमार (IPS) ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि श्रावण मास के दूसरे सोमवार पर मंदिरों में होने वाली भारी भीड़ और कांवड़ यात्रा को देखते हुए धैर्य बनाए रखें। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए निर्धारित डायवर्जन रूट और वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करें।

उन्होंने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कांवड़ियों की सुविधा और शहर में सुगम यातायात व्यवस्था पुलिस की प्राथमिकता है।

यातायात संबंधी किसी भी सहायता, सूचना अथवा आपात स्थिति में आगरा ट्रैफिक कंट्रोल रूम हेल्पलाइन नंबर 9454457886 पर संपर्क किया जा सकता है।

श्रावण के दूसरे सोमवार पर शहर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उमड़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस और यातायात विभाग ने व्यापक तैयारी की है। अब वाहन चालकों की जिम्मेदारी होगी कि वे प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें और पहले से अपने गंतव्य के लिए वैकल्पिक रास्ते की योजना बनाकर निकलें, ताकि मंदिरों और परिक्रमा मार्ग के आसपास अनावश्यक जाम की स्थिति न बने।

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google