एक करोड़ से अधिक की ज्वैलरी चोरी का खुलासा, 80 लाख के जेवर बरामद, एसीपी हरीपर्वत सुश्री अमीषा की निगरानी में 24 घंटे में खुला राज, चार महिलाएं गिरफ्तार, जेल भेजीं
आगरा। विजयनगर स्थित पोश अनुपम रॉयल अपार्टमेंट में हुई एक करोड़ रुपये से अधिक की ज्वैलरी चोरी का कमिश्नरेट पुलिस ने महज 24 घंटे में सनसनीखेज खुलासा कर दिया। इस मामले में घर में काम करने वाली महिला ने अपनी मां, बहन और भाभी के साथ मिलकर बेहद शातिर तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 80 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर बरामद कर लिए। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। स्कूल संचालक अनिल कौशिक के घर से सोने का नेकलेस, 17 सोने के सिक्कों सहित एक करोड़ रुपये से अधिक की ज्वैलरी गायब होने की सूचना मिलते ही हरीपर्वत थाना पुलिस सक्रिय हो गई। शुरुआत में घर में जबरन प्रवेश या ताले टूटने जैसे कोई साक्ष्य नहीं मिले, जिससे मामला पूरी तरह रहस्यमय बन गया।
जांच के दौरान पुलिस ने अपार्टमेंट और आसपास लगे 30 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में कुछ महिलाएं घर के बाहर लगे डस्टबिन से कूड़ा उठाती दिखाई दीं। पुलिस को यह गतिविधि संदिग्ध लगी। जब फुटेज को आगे खंगाला गया तो घर में काम करने वाली चांदनी भी उन्हीं महिलाओं के साथ नजर आई। इसके बाद पुलिस ने चांदनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में चांदनी ने बताया कि उसे घर में रखी ज्वैलरी की पूरी जानकारी थी। वह रोजाना एक-एक सोने का सिक्का या छोटा आभूषण चोरी कर कूड़े के साथ डस्टबिन में फेंक देती थी। कुछ देर बाद उसकी मां, बहन या भाभी वहां पहुंचकर कूड़े से जेवर निकाल लेती थीं। इसी तरह धीरे-धीरे लाखों रुपये के जेवर घर से बाहर पहुंचा दिए गए। सोने का नेकलेस भी इसी तरीके से चोरी किया गया।
एसीपी हरीपर्वत सुश्री अमीषा के नेतृत्व और निगरानी में थाना हरीपर्वत पुलिस ने लगातार तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। महज 24 घंटे के भीतर पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए चांदनी, पूजा, संजना और इमला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से दो सोने के हार, झुमके सहित करीब 80 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए। हालांकि 17 सोने के सिक्कों की बरामदगी के लिए पुलिस की कार्रवाई अभी जारी है। एसीपी हरीपर्वत सुश्री अमीषा ने बताया कि पूछताछ में चोरी की पूरी साजिश का खुलासा हुआ है। मामले में बरामदगी के साथ सभी चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस शेष जेवरों की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।