Hindi News / अपराध / आगरा

पूर्व रंजिश में कार से कुचलकर हत्या का आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त कार बरामद

Article Top Ad

आगरा।

थाना फतेहपुर सीकरी पुलिस और एसओजी/सर्विलांस (पश्चिमी जोन) की संयुक्त टीम ने पूर्व रंजिश में कार से कुचलकर हत्या करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार 18 जुलाई को मृतक के परिजन ने थाना फतेहपुर सीकरी में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि 15 जुलाई को हुए विवाद और पुरानी रंजिश के चलते 16 जुलाई की सुबह आरोपी अक्कू उर्फ रिशांक शर्मा ने कार से उनके पिता को जानबूझकर टक्कर मार दी।

हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि घटना से पहले आरोपी गांव में घूमकर रेकी कर रहा था और उसने अन्य लोगों को भी वाहन से टक्कर मारने का प्रयास किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की।

गुरुवार को थाना फतेहपुर सीकरी पुलिस और एसओजी/सर्विलांस (पश्चिमी जोन) की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान चौकी चौमा शाहपुर के सामने भरतपुर से आगरा की ओर आने वाले मार्ग से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी बरामद कर ली गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अक्कू उर्फ रिशांक शर्मा, निवासी ग्राम पसौड़ा, जिला भरतपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विवेचना जारी है।

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google