आगरा। थाना जगदीशपुरा पुलिस ने फोटो स्टूडियो में हुई चोरी की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके नाबालिग साथी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया लैपटॉप, कैमरा, लेंस, हार्ड डिस्क समेत फोटोग्राफी का कीमती सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार 6 जुलाई 2026 को नगला पातीराम निवासी एक स्टूडियो संचालक ने थाना जगदीशपुरा में शिकायत दर्ज कराई थी कि 4 जुलाई की रात उसकी दुकान का ताला और कुंडी तोड़कर चोर अंदर घुस गए। दुकान से दो कैमरे, एक लैपटॉप, कैमरे का लेंस, हार्ड डिस्क सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया गया था। सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
जगदीशपुरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर पथौली नगर के पास से पवन कुशवाह उर्फ नेता को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ शामिल एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने स्टूडियो में चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से डेल कंपनी का लैपटॉप, सोनी कैमरा, कैनन लेंस, 6 हार्ड डिस्क, 2 केबल, 2 फ्लैश लाइट, 3 सोनी बैटरियां, लैपटॉप चार्जर और माउस सहित चोरी का अधिकांश सामान बरामद कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था और चोरी का सामान बेचने की फिराक में था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया। इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में उ0नि0 अंकित कटियार (बाल कल्याण अधिकारी), उ0नि0 गौरव राठी (चौकी प्रभारी बिचपुरी) तथा उ0नि0 राजकुमार शामिल रहे। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य चोरी की घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच कर रही है।